मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 3 से 6 नवंबर तक चंबा जिले के दौरे पर, ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत करेंगे जनसभाएं

चंबा. 01 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 3 से 6 नवंबर 2026 तक जिला चंबा के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही जनसभाओं के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनेंगे और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों से भी संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के चार दिवसीय दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 3 नवंबर को शिमला से हेलीकॉप्टर के माध्यम से कांगड़ा पहुंचेंगे। इसके बाद चौवाड़ी हेलिपैड से चौवगान पहुंचकर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को चैलामा में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में स्थानीय जनता, महिला मंडलों और युवक मंडलों से संवाद करेंगे। रात्रि ठहराव घटासनी गांव में होगा।4 नवंबर को मुख्यमंत्री ककीरा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे।

इसके बाद भंजराड़ू पहुंचकर चुराह विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास तथा जनसभा करेंगे। दोपहर बाद तीसा पहुंचकर रात्रि ठहराव से पहले निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।5 नवंबर को मुख्यमंत्री देहग्रां स्थित पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद लायल कोठी स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज मैदान में विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास और जनसभा करेंगे। शाम को बैरागढ़ के मेला मैदान देहग्रां में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत लोगों से रूबरू होंगे।6 नवंबर को मुख्यमंत्री मेहला स्थित राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसके बाद करियां हेलिपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा कांगड़ा होते हुए शिमला रवाना होंगे। इस दौरान मेहला में भी स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है।मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिला चंबा में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को सीधे सुनने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।