वन अधिकार अधिनियम के तहत भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश :- उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

चंबा 10 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी कक्ष में जिला स्तरीय वन अधिकार अधिनियम समिति के नवनियुक्त गैर-सरकारी सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, विकासात्मक कार्यों के लिए उपयोग की गई वन भूमि के हस्तांतरण तथा अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के अधीन पिछले वर्षों में निर्मित शैक्षणिक भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, संपर्क सड़क मार्गों तथा अन्य विकासात्मक परियोजनाओं से जुड़े भूमि मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ऐसी भूमि, जिसका उपयोग संबंधित विभागों द्वारा विकासात्मक कार्यों के लिए किया जा चुका है, लेकिन अभी तक वह विभागों के नाम हस्तांतरित नहीं हुई है, उससे संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं।उन्होंने कहा कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करना आवश्यक है, ताकि जनहित में निर्मित विकासात्मक परिसंपत्तियों का उचित प्रबंधन एवं संचालन सुनिश्चित किया जा सके।उपायुक्त ने समिति के नवनियुक्त सदस्यों से आग्रह किया कि वे वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों, उद्देश्य और कार्यप्रणाली की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि वन अधिकारों की मान्यता और विकासात्मक आवश्यकताओं से जुड़े प्रस्तावों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत समीक्षा करने में समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने वन अधिकार अधिनियम-2006 के प्रावधानों, उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी। उन्होंने वन भूमि पर पारंपरिक रूप से निर्भर अनुसूचित जनजातियों और अन्य परंपरागत वन निवासियों के अधिकारों की मान्यता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।वन मंडल अधिकारी भरमौर रजनीश महाजन ने विकासात्मक परियोजनाओं के प्रस्तावों, भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं की जानकारी दी।बैठक में अध्यक्ष जिला परिषद रेखा कुमारी, जिला परिषद सदस्य सुभाष चंद्र, कुसुम लता, जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रम जीत सिंह तथा वन मंडल अधिकारी सलूणी सुशील गुलरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
