विधायक डीएस ठाकुर ने शौर्य चक्र विजेता नाइक वीर सिंह से की श भेंट

विधायक डीएस ठाकुर ने शौर्य चक्र विजेता नाइक वीर सिंह से की श भेंट

डल्हौजी/चंबा 15 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने आज भारतीय सेना की 21 बटालियन पैराशूट रेजिमेंट के जांबाज सैनिक एवं शौर्य चक्र विजेता नाइक वीर सिंह से उनके निवास स्थान शेरपुर में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने वीर सैनिक के अदम्य साहस, वीरता, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना।

विधायक डीएस ठाकुर ने कहा कि भारतीय सेना के वीर जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनका त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति निष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है। शौर्य चक्र से सम्मानित नाइक वीर सिंह ने अपने अदम्य साहस और वीरता से न केवल क्षेत्र, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए आपका अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण हम सभी के लिए गौरव की बात है। आपका जीवन और सैन्य सेवाओं में दिया गया योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। ऐसे वीर सैनिकों के साहस और बलिदान के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

विधायक ने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना और उनके योगदान को याद रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए भारतीय सेना के जवान जिस निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं, वह अतुलनीय है।

इस अवसर पर विधायक डीएस ठाकुर ने मां भारती के ऐसे सभी वीर सपूतों को कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश के वीर जवानों का शौर्य और बलिदान सदैव राष्ट्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!