शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 2.35 करोड़ के विद्यालय भवनों का किया लोकार्पण, 5 हजार शिक्षकों की होगी नियुक्ति

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 2.35 करोड़ के विद्यालय भवनों का किया लोकार्पण, 5 हजार शिक्षकों की होगी नियुक्ति

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द करेंगे भरमौर विधानसभा क्षेत्र का दौरा, विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए भी की घोषणाएं

भरमौर/चंबा, 25 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जनजातीय क्षेत्र भरमौर के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में 1 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विज्ञान खंड का लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने राजकीय उच्च पाठशाला सैल्ली के 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर सदर विधायक नीरज नैय्यर विशेष रूप से उपस्थित रहे।मांधा और सैल्ली में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और वित्तीय संसाधनों से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 5 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है। इससे जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में विज्ञान विषय के पद सृजित करने तथा अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त शौचालय निर्माण हेतु तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

वहीं, राजकीय उच्च पाठशाला सैल्ली में रसोईघर निर्माण एवं अन्य कार्यों के लिए पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने स्थानीय पंचायतों की मांगों को पूरा करने का भी आश्वासन दिया।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही भरमौर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आएंगे। इस दौरान विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित हैं।कार्यक्रम में अमित भरमौरी, ललित ठाकुर, सुरजीत भरमौरी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।इस दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रसिद्ध माता बन्नी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!