शिमला में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का भव्य आयोजन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने की शिरकत

शिमला. 01 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज शिमला संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत शिमला में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, सांसद डॉ. सिकंदर कुमार सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, पार्टी संगठन के पदाधिकारी तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र की मजबूती और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पार्टी पर निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर लगातार अनावश्यक सवाल उठाने का आरोप लगाया।

साथ ही हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उसके चुनावी वादों की याद दिलाते हुए वादाखिलाफी के मुद्दे पर भी निशाना साधा। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रदेश सरकार की नीतियों तथा कार्यप्रणाली के प्रति अपना विरोध दर्ज करवाया।पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा, निर्वाचन प्रक्रिया में जनता के विश्वास और प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर अपना पक्ष जनता के सामने रखा। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आम जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों एवं कार्यों पर संवाद करने का आह्वान किया।भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनहित से जुड़े विषयों को लेकर चलाया जा रहा यह जनजागरण अभियान केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। पदयात्रा के जरिए पार्टी ने प्रदेशभर में संगठनात्मक एकजुटता और जनसंपर्क को और मजबूत करने का संदेश दिया।
