किश्तवाड़ मुठभेड़ के बाद चंबा-पांगी मार्ग पर सुरक्षा कड़ी, रात 12 घंटे वाहनों की आवाजाही बंद
खुंडी मराल चेक पोस्ट पर पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, शाम छह से सुबह छह बजे तक नहीं गुजरेंगे वाहन; टैक्सी चालकों को भी जारी की हिदायतें

चंबा 22 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की मौत के बाद जिला चंबा के सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आतंकी गतिविधियों की आशंका और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने चंबा-पांगी वाया पद्धरी मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। इसके तहत खुंडी मराल चेक पोस्ट पर निगरानी बढ़ाने के साथ रात के समय वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।पुलिस प्रशासन की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार अब इस मार्ग पर शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक वाहनों को गुजरने की अनुमति नहीं होगी। खुंडी मराल चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मी चंबा और पांगी के बीच टैक्सी सेवा प्रदान करने वाले चालकों को भी विशेष हिदायतें दे रहे हैं। उन्हें निर्धारित समय के बाद पद्धरी जोत की ओर वाहन न ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।इस व्यवस्था के चलते रात के समय चंबा से पांगी और पांगी से चंबा आने-जाने वाले यात्रियों को वाया कुल्लू-मनाली होकर सफर करना पड़ेगा।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए क्षेत्र में सेना की मौजूदगी भी देखी जा रही है।वहीं, किहार थाना पुलिस की टीमें सीमांत क्षेत्रों में सुबह और शाम नियमित रूप से गश्त कर रही हैं। पुलिस कर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं।चंबा-पांगी के बीच चलती हैं दो दर्जन से अधिक टैक्सियांगौरतलब है कि चंबा और पांगी के बीच दो दर्जन से अधिक टैक्सियां नियमित रूप से यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाती हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में निजी वाहन भी इस मार्ग से आवाजाही करते हैं। ऐसे में रात के समय मार्ग बंद रहने से यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग से सफर करना पड़ेगा।पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। जिले की सीमाओं पर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ निगरानी कर रही है।