गुरुग्राम संभाग के उपायुक्त चंद्र शेखर आजाद ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का दिया संदेश

गुरुग्राम संभाग के उपायुक्त चंद्र शेखर आजाद ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का दिया संदेश

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विद्यार्थियों के साथ किया प्रेरणादायी संवाद, पीएम श्री योजना के उद्देश्यों पर भी डाला प्रकाश

बनीखेत/चम्बा, 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में बुधवार को गुरुग्राम संभाग के उपायुक्त श्री चंद्र शेखर आजाद ने दौरा किया। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद किया और उन्हें जीवन में सफलता हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त चंद्र शेखर आजाद ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी योजनाबद्ध तरीके से करने, समय का उचित सदुपयोग करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए मेहनत और लगन के साथ अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।इस अवसर पर उन्होंने पीएम श्री योजना के उद्देश्यों और निर्धारित लक्ष्यों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और सक्रिय सहभागिता से विद्यालय को पीएम श्री योजना के निर्धारित मानकों के अनुरूप एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जा सकता है।इसके उपरांत उपायुक्त ने प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों से भी आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, रुचियों और विद्यालय की गतिविधियों के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें जिज्ञासु बनने तथा उत्साह के साथ नई चीजें सीखने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने उपायुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विचार विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगे। उपायुक्त का यह दौरा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी एवं उत्साहवर्धक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!