ग्रामीण पर्यटन से स्थानीय आजीविका को मिलेगा बढ़ावा :- उपायुक्त चंपा मुकेश रेपसवाल

चंबा 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
चंबा 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
बीते कल विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर ‘चलो चंबा’ के अंतर्गत दवाट महादेव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने जिलावासियों को विश्व पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चंबा में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और ग्रामीण पर्यटन को स्थानीय आजीविका से जोड़ना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ स्थानीय समुदायों की आर्थिकी मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। चंबा का प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थल, समृद्ध संस्कृति और ग्रामीण जीवन की परंपराएं पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखती हैं।

पर्यटन गतिविधियों से युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि पारंपरिक भोजन, कृषि, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद और होमस्टे ग्रामीण पर्यटन की प्रमुख ताकत हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने पर्यटन के प्रचार-प्रसार में डिजिटल तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया।कार्यक्रम में हिम सखी, हिम स्वाद, गाबदिका और दवाट महादेव स्वयं सहायता समूहों ने स्थानीय उत्पादों तथा पारंपरिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाई। पाहाड़ ट्रस्ट ने पारंपरिक बीजों और स्थानीय कृषि ज्ञान की जानकारी दी। एडवेंचर गतिविधियों से संबंधित उपकरणों और आवश्यक जानकारी को लेकर ज्ञानवर्धक सत्र भी आयोजित किया गया।

इस दौरान लोक नृत्य, गांव भ्रमण, अनुभव साझा करना और पौधारोपण जैसी गतिविधियां हुईं। उपायुक्त ने स्थानीय होमस्टे का दौरा कर संचालकों और ग्रामीणों से संवाद किया। मिस्टिक विलेज खज्जियार एवं दवाट महादेव के समुदायों ने भी सहभागिता की।नॉटऑनमैप की टीम ने आयोजन में सहयोग दिया। विश्व पर्यटन दिवस पर सुराल, डलहौजी और खज्जियार में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, अर्थशास्त्री विनोद कुमार सहित पर्यटन हितधारक, स्वयं सहायता समूह और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
