घटाला में विधायक निधि से निर्माणाधीन पुलिया का विधायक डीएस ठाकुर ने किया निरीक्षण, बरसात में मिलेगी राहत

घटाला में विधायक निधि से निर्माणाधीन पुलिया का विधायक डीएस ठाकुर ने किया निरीक्षण, बरसात में मिलेगी राहत

मौजूदा सरकार केवल औपचारिकताएं निभा रही, जनता आगामी विधानसभा चुनाव में देगी जवाब :- डीएस ठाकुर

डलहौजी/ चंबा 12 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)

भलेई प्रवास के दौरान डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने ढाड़ू-सलोड़ी सड़क पर गांव घटाला के समीप विधायक क्षेत्र विकास निधि से निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।विधायक डीएस ठाकुर ने कहा कि इस पुलिया का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को विशेषकर बरसात के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी। बरसात के दौरान यहां बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न होने से स्थानीय लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पुलिया के तैयार होने से इस समस्या का स्थायी समाधान करने में मदद मिलेगी और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।उन्होंने कहा कि डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। क्षेत्र के गरीब, जरूरतमंद और मजबूर लोगों के साथ वह हमेशा खड़े रहे हैं और भविष्य में भी उनके सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।

इस दौरान विधायक ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कई गांव हैं, जहां मौजूदा सरकार केवल औपचारिकताएं निभाने तक सीमित रह गई है। धरातल पर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से आम जनता भली-भांति परिचित है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी अनेक समस्याएं बनी हुई हैं, जिनके समाधान के लिए सरकार गंभीर प्रयास करती नजर नहीं आ रही है।डीएस ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की जनता सभी समस्याओं और मुद्दों पर नजर रखे हुए है तथा आगामी विधानसभा चुनाव में मौजूदा सरकार को इनका जवाब जरूर देगी। उन्होंने दोहराया कि जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना और लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!