चुनाव आयोग के खिलाफ चंबा में कांग्रेस का विरोध, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

चंबा 28 सितंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चंबा 28 सितंबर चांपा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन आज सोमवार को चंबा जिला मुख्यालय में देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय से विरोध मार्च निकाला, जो शहर के मुख्य बाजार तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान विभिन्न स्तरों पर अनियमितताएं और गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच की जानी चाहिए, ताकि चुनावी प्रक्रिया में लोगों का विश्वास कायम रहे।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी मतदाता सूची बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने चुनावी प्रक्रिया तथा मतदाता सूचियों से जुड़े मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। साथ ही, यदि जांच में किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की गई।विरोध मार्च के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त चंबा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कथित मामलों की जांच करवाने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य समर्थक मौजूद रहे।गौरतलब है कि कांग्रेस ने 28 सितंबर को देशभर में जिला मुख्यालयों पर विरोध मार्च आयोजित करने का आह्वान किया था। इसी क्रम में चंबा में भी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया।
