जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, आशा कुमारी ने किया खिलाड़ियों को सम्मानित

डलहौजी/चम्बा 20 सितम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नगर पंचायत बनीखेत के पद्दर मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 गर्ल्स खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह में पूर्व शिक्षा मंत्री एवं पूर्व विधायिका आशा कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में जिला चंबा के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 280 खिलाड़ी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।मुख्य अतिथि के पद्दर मैदान पहुंचने पर आयोजन समिति, स्कूल प्रबंधन, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान आशा कुमारी को शाल और हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों ने परेड के माध्यम से मुख्य अतिथि को सलामी भी दी।समापन समारोह के दौरान प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खंडों को ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी छात्राओं का चयन आगामी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए किया गया । इससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को जिला स्तर के बाद राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

डीएसएसए चंबा की ओर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली चयनित खिलाड़ियों को निशुल्क स्पोर्ट्स किट भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध होने के साथ-साथ खेलों के प्रति उनका उत्साह बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।समापन समारोह को संबोधित करते हुए आशा कुमारी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।इस अवसर पर डीएसएसए चंबा के प्रतिनिधियों और बनीखेत स्कूल प्रबंधन ने मुख्य अतिथि आशा कुमारी सहित प्रतियोगिता में पहुंचे सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति और स्कूल प्रबंधन के प्रयासों की भी सराहना की गई।
