टांडा मेडिकल कॉलेज को मिली 23.53 करोड़ की अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

कांगड़ा 20 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में 23.53 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन जनता को समर्पित की। इस सुविधा के शुरू होने से टांडा मेडिकल कॉलेज में मरीजों को आधुनिक एवं उच्च गुणवत्ता वाली जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मशीन संस्थान को उन्नत नैदानिक उपचार, चिकित्सा शिक्षा और रोगी देखभाल के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में यह दूसरी एमआरआई मशीन है। इससे पहले यहां 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीन के माध्यम से मरीजों को जांच सुविधा प्रदान की जा रही थी।

नई 3-टेस्ला मशीन से जांच क्षमता बढ़ेगी और शरीर की आंतरिक संरचनाओं की अधिक स्पष्ट एवं सूक्ष्म तस्वीरें प्राप्त हो सकेंगी। इससे जटिल बीमारियों का सटीक निदान करने में चिकित्सकों को मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने और लोगों को राज्य में ही आधुनिक एवं किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए संस्थान में अत्याधुनिक सर्जरी के लिए नए रोबोटिक आर्म्स उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं बिना प्रतीक्षा के उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष 320 नई पीजी सीटें बढ़ाई गई हैं, जिससे कुल सीटों की संख्या 277 से बढ़कर 597 हो गई है। मुख्यमंत्री ने टांडा मेडिकल कॉलेज में 28 सफल किडनी प्रत्यारोपण किए जाने पर चिकित्सकों की सराहना भी की।इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, आरएस बाली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।