पांगी में ढांक से गिरकर ग्रामीण की मौत, मवेशी चराने जंगल गया था हरबंस राणा

पांगी में ढांक से गिरकर ग्रामीण की मौत, मवेशी चराने जंगल गया था हरबंस राणा

कुमार पंचायत के रांगी जंगल में हुआ हादसा, मंगलवार सुबह तलाश के दौरान गहरी ढांक में मिला शव

पांगी/ चम्बा 11 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चम्बा के जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत कुमार में ढांक से गिरकर एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान हरबंस राणा पुत्र श्री राम निवासी गांव कुमार के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब हरबंस राणा मवेशियों को चराने के लिए रांगी जंगल की ओर गया था। इसी दौरान रास्ते में अचानक पांव फिसलने से वह संतुलन खो बैठा और गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार हरबंस राणा गत रोज अपने मवेशियों को चराने के लिए घर से निकला था। शाम तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद मंगलवार सुबह परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रांगी जंगल और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान हरबंस राणा गहरी ढांक में मृत अवस्था में पड़ा मिला।

शव मिलने की सूचना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद शव को ढांक से बाहर निकाला तथा पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गयाहै ।पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ ही घटना की रपट रोजनामचे में दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई पूरी की है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!