बनीखेत के पद्दर में ताला तोड़कर त्रिशूल, साउंड सिस्टम, सिलाई मशीन और अन्य सामान ले उड़े चोर, पुलिस ने शुरू की जांच

बनीखेत / चंबा 17 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नगर पंचायत बनीखेत के पद्दर क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है। चोरों ने एक घर के साथ लगते मंदिर को निशाना बनाते हुए पीतल और चांदी के बर्तनों सहित कई सामान चोरी कर लिया। मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।

इसके अलावा चोर साउंड सिस्टम, प्रेशर कुकर, स्टील का ड्रम और एक सिलाई मशीन भी अपने साथ ले गए। चोरी की घटना का पता परिवार को बीते कल सुबह उस समय चला, जब पानकली और उनके परिवार के सदस्यों ने मंदिर का सामान गायब पाया और ताला टूटा हुआ देखा।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों ने पुलिस चौकी बनीखेत में इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।गौरतलब है कि बनीखेत क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। मंदिर को निशाना बनाए जाने से लोगों में खासा रोष है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
