भुंतर सब्जी मंडी से छह लाख के जापानी फल लेकर फरार दो आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार, 75 हजार रुपये नकद भी बरामद

पिकअप वाहन सहित माल बेचकर हुए थे फरार, जालंधर में वाहन बेचने का खुलासा; शेष रकम की तलाश में जुटी पुलिस

भुंतर/ कुल्लू 16 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

भुंतर सब्जी मंडी से करीब छह लाख रुपये कीमत की जापानी फल (पर्सिमन) की 300 पेटियां लेकर फरार होने के मामले में भुंतर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में संलिप्त दोनों आरोपियों को जिला बिलासपुर के पनोह से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 75 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन को भी कब्जे में लेने की कार्रवाई की गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को एक व्यापारी ने भुंतर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने भुंतर सब्जी मंडी के विभिन्न आढ़तियों से जापानी फल की करीब 300 पेटियां खरीदी थीं।

इन पेटियों को कलकत्ता सब्जी मंडी भेजने के लिए कालका रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पिकअप चालक और परिचालक को सौंपी गई थी। हालांकि, दोनों आरोपी माल को निर्धारित स्थान पर पहुंचाने के बजाय पिकअप वाहन सहित रास्ते से ही गायब हो गए। काफी समय तक संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन बंद आने लगे। इसके बाद व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।मामले की गंभीरता को देखते हुए भुंतर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर को दोनों आरोपियों को बिलासपुर जिले के पनोह से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की उम्र करीब 20-20 वर्ष बताई जा रही है।पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन को जालंधर में बेच दिया था। पुलिस ने अब तक 75 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। करीब छह लाख रुपये के फल की बिक्री से प्राप्त शेष राशि और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 16 नवंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जापानी फल की पेटियां कहां बेची गईं और बाकी रकम किन लोगों के पास है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!