मरीजों की सुविधा के लिए अम्बिका ग्रोवर ने स्वास्थ्य विभाग को भेंट कीं तीन व्हीलचेयर

मरीजों की सुविधा के लिए अम्बिका ग्रोवर ने स्वास्थ्य विभाग को भेंट कीं तीन व्हीलचेयर

बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को मिलेगी सुविधा, सीएमओ डॉ. जालम भारद्वाज ने जताया आभार

चम्बा 12 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रीमती अम्बिका ग्रोवर ने स्वास्थ्य विभाग को तीन व्हीलचेयर भेंट की हैं। उन्होंने ये व्हीलचेयर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज को सौंपीं। इस अवसर पर श्री पंकज खन्ना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।व्हीलचेयर मिलने से स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलेगी। विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और ऐसे मरीजों को इसका लाभ मिलेगा, जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है।

अस्पताल परिसर में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने और जांच व उपचार संबंधी प्रक्रियाओं के दौरान इन व्हीलचेयर का उपयोग किया जा सकेगा। इससे मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को भी काफी सहूलियत मिलेगी।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रीमती अम्बिका ग्रोवर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। ऐसे में समाज के जागरूक और सक्षम लोगों की ओर से किया जाने वाला सहयोग स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि जनहित में की गई इस तरह की पहल न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी साबित होती है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सामाजिक दायित्व निभाने के लिए प्रेरित करती है। स्वास्थ्य विभाग इस प्रकार के सहयोग से अपनी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सक्षम होता है।अंत में डॉ. भारद्वाज ने इस नेक पहल के लिए श्रीमती अम्बिका ग्रोवर और श्री पंकज खन्ना का आभार जताते हुए उनके सहयोग की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!