मिंजर मेले की तर्ज पर विकसित होगा छतराड़ी जात्र मेला :- केवल सिंह पठानिया

चंबा, 23 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य स्तरीय छतराड़ी जात्र मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की तर्ज पर सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाया जाएगा। इससे मेले को और आकर्षक स्वरूप देने के साथ क्षेत्र की धार्मिक एवं समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।केवल सिंह पठानिया गत शाम मां शिव-शक्ति के छतराड़ी स्थित ऐतिहासिक मंदिर परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय जात्र मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जात्र मेले को राज्य स्तरीय स्वरूप प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आभार व्यक्त किया।उप मुख्य सचेतक ने कहा कि मेले के आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने उपमंडलीय प्रशासन को मेले की संभावनाओं का आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों की भागीदारी भी बढ़ाई जा सके।उन्होंने छतराड़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए प्राक्कलन तैयार करने तथा सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने मेला समिति को 51 हजार रुपये की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।इससे पहले आयोजन समिति की ओर से उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल पथ परिवहन निगम के सदस्य निदेशक मंडल एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, हज कमेटी अध्यक्ष दिलदार अली वट्ट, उपमंडल दंडाधिकारी चिराग शर्मा, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान रिंकू भारद्वाज सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।