मुख्यमंत्री के संभावित चंबा प्रवास को लेकर तैयारियां तेज, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री के संभावित चंबा प्रवास को लेकर तैयारियां तेज, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

चुवाड़ी/चम्बा 31 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के जिला चंबा के विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के आगामी संभावित दौरे के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में जनसभाओं के आयोजन के साथ-साथ यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा आम लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री के संभावित प्रवास के दौरान जनसभा स्थलों की व्यवस्था, ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।बैठक में हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के निदेशक कृष्ण चंद चेला, एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, एसडीएम मुनीष सोनी, डीएसपी शेर सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, जल शक्ति विभाग के अधिकारी राजेश मोगरा, एचपीएसईबीएल के अधिकारी राजीव ठाकुर, अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी, राकेश ठाकुर, उच्च शिक्षा विभाग के विकास महाजन, उपनिदेशक कृषि भूपेंद्र तथा डीडीएम (एचआरटीसी) शुगल सिंह भी बैठक में मौजूद रहे। वहीं एडीएम भरमौर, एसडीएम चुराह राजेश जरयाल और एसडीएम चंबा चिराग शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!