विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री की सीख भविष्य को लेकर निडर होकर लें फैसले, मेहनत और आत्मविश्वास से मिलेगी सफलता

विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री की सीख भविष्य को लेकर निडर होकर लें फैसले, मेहनत और आत्मविश्वास से मिलेगी सफलता

तीसा /चंबा 05 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, आत्मविश्वास और निडरता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने भविष्य और करियर को लेकर बिना किसी डर के फैसले लेने चाहिए। सही समय पर लिया गया साहसिक निर्णय व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।मुख्यमंत्री वीरवार को जिला चंबा के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तीसा में विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बच्चों के सवालों के जवाब देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। 12वीं कक्षा की छात्रा तमन्ना के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। सफलता का रास्ता कड़ी मेहनत और निडर होकर लिए गए फैसलों से होकर गुजरता है।उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियां शिक्षा, खेल, राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। उन्हें किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने से नहीं डरना चाहिए। इस दौरान चौथी कक्षा की अपेक्षा भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से उनके पसंदीदा विषय के बारे में पूछा, जबकि 12वीं के प्रज्वलन ने विद्यालय को सीबीएसई से संबद्ध करवाने के लिए आभार जताया।छात्रा मोनिका ने नशे की रोकथाम के लिए सरकार के प्रयासों पर सवाल किया। वहीं मुस्कान ने सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुविधाओं तथा जीवनी ने मुख्यमंत्री की दिनचर्या के बारे में जानकारी हासिल की।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों की मांग पर उन्होंने बैरागढ़ स्कूल में प्रयोगशाला और अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा स्कूल की गतिविधियों से अवगत करवाया। कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर, प्रदेश हज कमेटी अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!