विद्यार्थियों ने सीखा साइबर सुरक्षा और कानून का महत्व, एसएचओ रमन चौधरी ने किया जागरूक

चंबा 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय महाविद्यालय चंबा में करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल, वाणिज्य विभाग तथा मैनेजमेंट विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अतिथि व्याख्यान एवं सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस थाना चंबा के एसएचओ रमन चौधरी ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसएचओ रमन चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए शिक्षा के साथ कानून, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, महिला सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक होना भी आवश्यक है। उन्होंने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण, ओटीपी और सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए कानून का पालन करने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना भी जरूरी है।मैनेजमेंट विभाग की प्रभारी डॉ. विदुषी शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली से अवगत करवाने के साथ वर्तमान सामाजिक और कानूनी चुनौतियों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य प्रो. सपना बक्शी, प्रो. अविनाश, डॉ. पर्णिता, कामेश्वर, कनवी, माधविका विज सहित एमबीए, एमसीए, एम.कॉम और बी.कॉम के विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण खुला संवाद एवं प्रश्नोत्तर सत्र रहा। विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों, नशाखोरी और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े प्रश्न पूछे। एसएचओ रमन चौधरी ने प्रश्नों के व्यावहारिक उत्तर देते हुए आवश्यक सावधानियों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। अंत में आयोजकों ने एसएचओ का आभार व्यक्त किया।
