सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम के तहत युवाओं को दिया प्रशिक्षण, छह माह तक मिलेगा व्यावहारिक अनुभव

सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम के तहत युवाओं को दिया प्रशिक्षण, छह माह तक मिलेगा व्यावहारिक अनुभव

चम्बा, 13 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मेरा युवा भारत (MY Bharat), चम्बा की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में बीते कल 12 नवंबर को उत्कृष्ट संस्थान, चम्बा में सड़क सुरक्षा मित्र के छह माह के अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ यातायात नियमों, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के लिए व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस दौरान युवाओं को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की पेट्रोलिंग गाड़ी तथा एम्बुलेंस की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया गया। उन्हें बताया गया कि सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में संबंधित टीमें किस प्रकार घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देती हैं तथा घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाती हैं।इसके अतिरिक्त प्रस्तुतिकरण के माध्यम से प्रतिभागियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा उपायों, दुर्घटना रोकथाम, आपातकालीन प्रतिक्रिया और दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि दुर्घटना के समय शुरुआती सहायता और त्वरित प्रतिक्रिया किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।छह माह तक चलने वाला यह अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम युवाओं को सड़क सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने और वास्तविक परिस्थितियों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा। इसके माध्यम से युवा अपने आसपास के क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ समाज को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित कर सकेंगे।मेरा युवा भारत, चम्बा की यह पहल युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा उन्हें सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में जागरूक, सक्रिय और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!