24 से 31 दिसंबर तक पुलिस मैदान धर्मशाला में सजेगा कांगड़ा कार्निवल-2026

24 से 31 दिसंबर तक पुलिस मैदान धर्मशाला में सजेगा कांगड़ा कार्निवल-2026

मैराथन, साइक्लिंग, फुटबॉल, क्रिकेट और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण; स्थानीय संस्कृति, व्यंजनों और उत्पादों को मिलेगा विशेष मंच

धर्मशाला/ कांगड़ा 12 नवम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

कांगड़ा कार्निवल-2026 के सफल आयोजन को लेकर वीरवार को उपायुक्त कार्यालय में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्निवल की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि कांगड़ा कार्निवल का आयोजन 24 से 31 दिसंबर 2026 तक पुलिस मैदान धर्मशाला में किया जाएगा।बैठक के दौरान पेयजल, अग्निशमन, विद्युत व्यवस्था, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वच्छता और आयोजन समितियों के गठन सहित विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया गया।

अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि कार्निवल का आयोजन इस तरह किया जाएगा कि इसमें कांगड़ा की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय पहचान की झलक देखने को मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्निवल की प्रत्येक गतिविधि में जिले की विरासत और पारंपरिक रंग को प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने बताया कि कार्निवल के दौरान मैराथन, साइक्लिंग, फुटबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं के साथ मिस एवं मिसेज कार्निवल, शेफ टूर्नामेंट, लिटरेचर फेस्टिवल और लाइट एंड साउंड शो जैसे आकर्षक आयोजन किए जाएंगे। इसके अलावा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा थीम पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किए जाएंगे।विनय कुमार ने कहा कि कार्निवल में जिले के स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए विशेष अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। साथ ही कांगड़ा के पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि पर्यटक और स्थानीय लोग जिले के खान-पान तथा उत्पादों से रूबरू हो सकें।उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय रहते तैयारियां पूरी करने और आयोजन के दौरान बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, डीडीओ ग्रामीण विकास अभिनीत कात्यायन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!