30 या इससे अधिक कर्मचारी वाले प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण देना होगा अनिवार्य

30 या इससे अधिक कर्मचारी वाले प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण देना होगा अनिवार्य

एडीसी अमित मैहरा ने दिए निर्देश, सभी पात्र सरकारी एवं निजी संस्थानों को अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण करवाने को कहा

चम्बा 17 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिले में युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चम्बा के प्रधानाचार्य इंजीनियर बिपन शर्मा ने किया। इस दौरान जिले में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण को बढ़ावा देने, युवाओं को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध करवाने तथा राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (एनएपीएस) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने कहा कि अप्रेंटिसशिप युवाओं को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने और कार्यक्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

इससे युवाओं की कार्यकुशलता में वृद्धि होती है और उनके लिए रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि अप्रेंटिसशिप एक्ट 1961 के तहत जिले के सभी सरकारी विभागों, निजी उद्योगों, निगमों और बोर्डों सहित 30 या इससे अधिक कर्मचारी वाले पात्र प्रतिष्ठानों को अप्रेंटिसशिप पोर्टल www.apprenticeindia.gov.in पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाकर प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रदान करना होगा।उन्होंने श्रम एवं उद्योग विभाग को इस कार्य में तेजी लाने तथा जिले के सभी पात्र प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं से भी पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाने की अपील की।उन्होंने बताया कि पात्र प्रतिष्ठानों में कुल कर्मचारियों की संख्या के 2.5 से 15 प्रतिशत तक प्रशिक्षुओं को रखने का प्रावधान है।

आईटीआई प्रशिक्षुओं के लिए न्यूनतम मानदेय 9,600 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। वहीं निजी उद्योगों और एमएसएमई को प्रशिक्षुओं के मानदेय का 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 1,500 रुपये प्रतिमाह प्रति प्रशिक्षु की प्रतिपूर्ति सरकार द्वारा सीधे बैंक खाते में की जाएगी।बैठक में एनएपीएस के प्रभावी क्रियान्वयन में हिमाचल पथ परिवहन निगम चम्बा के प्रयासों की सराहना की गई। क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि निगम की कार्यशाला में प्रशिक्षु बेहतर कार्य कर रहे हैं, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव मिलने के साथ निगम को भी तकनीकी कार्यों में सहयोग मिल रहा है।इस अवसर पर आईटीआई कोटी के प्रधानाचार्य राहुल राठौर, आईटीआई सलूणी के पान चंद वर्मा, सहायक अभियंता गौरव ठाकुर, लोक निर्माण विभाग से दिनेश कुमार, डीईओ संतोष नाथ सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!