वांगल के गांव पज्जा में जंगल से घास काटने गई वृद्ध महिला की गिरने से मौत

वांगल के गांव पज्जा में जंगल से घास काटने गई वृद्ध महिला की गिरने से मौत

डलहौजी (चंबा), 19 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

पुलिस थाना खैरी के अंतर्गत गांव पज्जा में घास काटने गई 58 वर्षीय महिला की गिरने से मौत हो गई। मृतका की पहचान पानो देवी पत्नी चैन सिंह निवासी गांव पज्जा, डाकघर वांगल, तहसील सलूणी के रूप में हुई है। पानो देवी शिक्षा विभाग में चपरासी के पद पर कार्यरत थीं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन स्कूल की छुट्टी के बाद वह पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। घास काटते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरी खाई में गिरकर अचेत हो गईं। इस दौरान वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने जब उन्हें बेहोश देखा, तो तुरंत गांववालों को सूचना दी। ग्रामीणों ने उन्हें गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद क्षेत्र में कई तरह की अफवाहें फैलने लगीं, जिनमें कहा गया कि महिला की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई है। हालांकि, पुलिस ने इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी जानवर के हमले के निशान नहीं पाए गए।इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चंबा, अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस चौकी ब्रंगाल (भलेई) को करीब साढ़े तीन बजे मेडिकल कॉलेज से सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।इस दुखद घटना से गांव में शोक की लहर है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!