खंड स्तरीय पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

डलहौजी/ चंबा 20 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में समग्र शिक्षा के तत्वाधान में खंड स्तरीय पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 20 से 24 मार्च 2025 तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य शिक्षकों की दक्षता व शिक्षण कौशल को सुदृढ़ करना है।प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड परियोजना अधिकारी बनीखेत प्रीतम ठाकुर और प्रारंभिक शिक्षा खंड अधिकारी मनी बहादुर थापा ने की। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों को नई शिक्षण विधियों और नवाचारों को अपनाने की प्रेरणा दी।

इस प्रशिक्षण शिविर में 23 प्राथमिक शिक्षक और 27 प्रारंभिक शिक्षक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण सत्र का संचालन वंदना धीमान, मलकां, ममता रानी और विक्की द्वारा किया जाएगा, जो बतौर स्रोत समन्वयक शिक्षकों को विभिन्न शिक्षण तकनीकों से अवगत कराएंगे।इसके अतिरिक्त, इस प्रशिक्षण में बनीखेत ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (BRCC) के स्टाफ सदस्य रवि ठाकुर, राजेश कपूर और सुरेखा ठाकुर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को आधुनिक तकनीकी साधनों, नवाचारों और शिक्षण कौशल में सुधार लाने के लिए विभिन्न गतिविधियों और कार्यशालाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से शिक्षकों को नई शैक्षिक नीतियों और समग्र शिक्षा से जुड़े नवीनतम पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे छात्रों को और अधिक प्रभावी तरीके से शिक्षित कर सकें।