
‘एंटी ड्रग एक्ट’ पर मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत :- मनीष सरीन आप
डलहौजी/ चंबा 22मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष सरीन ने मुख्यमंत्री द्वारा ‘एंटी ड्रग एक्ट’ लाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि 12 मार्च 2025 को प्रेस वार्ता के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए कुछ सुझाव दिए थे।मनीष सरीन ने बताया कि उन्होंने सरकार से मौजूदा एनडीपीएस एक्ट में स्टेट अमेंडमेंट करने की मांग की थी ताकि नशे के खिलाफ कानून को और अधिक सख्त बनाया जा सके। साथ ही, उन्होंने सुझाव दिया था कि यदि स्टेट अमेंडमेंट में कोई कानूनी अड़चन आती है, तो सरकार विधानसभा में ‘हिमाचल प्रदेश एंटी ड्रग एक्ट’ का प्रस्ताव लाए।मुख्यमंत्री ने 18 मार्च 2025 को विधानसभा के बजट सत्र में ‘एंटी ड्रग एक्ट’ लाने की घोषणा की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मनीष सरीन ने कहा कि प्रदेश हित में राजनीति से ऊपर उठकर उनके सुझाव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने के लिए वे मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।इसके अलावा, मनीष ने नशे से बाहर निकलने के इच्छुक युवाओं के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC), शिमला में 14 दिन के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के फैसले की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि यह सुविधा प्रदेश के सभी नागरिक अस्पतालों में उपलब्ध करवाई जाए ताकि अधिक से अधिक युवाओं को मदद मिल सके।मनीष ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री उनकी इस मांग को भी सकारात्मक रूप से लेंगे और जल्द ही प्रदेश हित में फैसला करेंगे।