
सलूणी के गाँव दुत्ता में बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर पर छापामारी ,भारी मात्रा में अवैध नशीली दवायों का जखीरा बरामद
सलूणी/ चंबा 23 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत बीते कल जिले के किहार थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस दल ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गाँव दुत्ता में एक मेडिकल स्टोर अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है, जहां से स्कूल और कॉलेज के छात्रों को नशीली दवाएं बेची जा रही हैं।सूचना के आधार पर पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर चंबा की संयुक्त टीम ने आरोपी 35 वर्षीय आशिक मोहम्मद पुत्र जाकिर हुसैन, निवासी गाँव दुत्ता, डाकघर डयुर, तहसील सलूनी, जिला चंबा, के ठिकानों पर छापा मारा।

दुकान, घर और गौशाला से बड़ी मात्रा में अवैध नशीली टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए गए।टीम ने बरामद सभी दवाइयों को मौके पर ही सील कर दिया और आरोपी के खिलाफ ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मेडिकल स्टोर बिना किसी वैध लाइसेंस के चल रहा था और आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था।पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह अवैध दवाएं कहाँ से लाई जा रही थीं और इन्हें आगे कहाँ-कहाँ सप्लाई किया जाता था। स्थानीय प्रशासन ने इस तरह के अवैध मेडिकल स्टोर और नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

इस छापेमारी के बाद गाँव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं इस तरह की अवैध गतिविधि हो रही हो, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें।