साडा-खज्जियार के तहत वाणिज्यिक संपत्तियों की सूची तैयार करने हेतु उपायुक्त चंबा द्वारा निर्देश जारी

चंबा, 27 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने खज्जियार के अंतर्गत सभी वाणिज्यिक संपत्तियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश उन्होंने शुक्रवार को आयोजित साडा-खज्जियार की समीक्षा बैठक में दिए।उन्होंने नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के अधिकारियों को राजस्व विभाग के सहयोग से प्राधिकरण की आय बढ़ाने के लिए संभावनाओं की तलाश करने को कहा। साथ ही, होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे जैसी व्यावसायिक संपत्तियों का रिकॉर्ड तैयार करने का आदेश दिया।बैठक में खज्जियार मुख्य संपर्क सड़क की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी चर्चा हुई।

लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को नालियों के रखरखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा, साडा-खज्जियार के सदस्य सचिव के पद पर बदलाव के लिए विस्तृत समीक्षा के उपरांत मामला प्रदेश सरकार को भेजने की बात कही गई।बैठक में वन मंडल अधिकारी एवं सदस्य सचिव डॉ. कुलदीप जमवाल ने प्राधिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत कीं। साथ ही, कचरा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।बैठक में सहायक आयुक्त पीपी सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा, सहायक अभियंता अजय कुमार (विद्युत बोर्ड), जल शक्ति विभाग के प्रवीण कुमार, सहायक नगर नियोजन निर्मल सिंह, और लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।