चम्बा (चनेड़) में पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता, चिट्टे सहित दो गिरफ्तार

चंबा 5 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चनेड़ के समीप पुलिस की एसआईयू सैल की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से 2.48 ग्राम चिट्टा बरामद कर उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद चिट्टा जब्त करने के साथ-साथ उनकी मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।जानकारी के अनुसार, पुलिस की एसआईयू सैल की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इस दौरान बनीखेत से चंबा की ओर आ रहे दो युवकों को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान युवकों के पास से चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान शिव कुमार निवासी मोहल्ला पक्काटाला और संजय कुमार निवासी मोहल्ला भगोत चंबा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।एसपी चंबा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा माफिया के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने दोहराया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इनके तार किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं।