
हिमाचल में एक लाख किसान जुड़ेंगे प्राकृतिक खेती से:-विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया
भटीयात/ चुवाडी़ 5 अप्रैल बबलू पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आर्थिकी को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में प्रदेश में एक लाख नए किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।पठानिया चुवाड़ी में आयोजित मिलेट फूड फेस्टिवल एवं किसान मेले में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भटियात क्षेत्र की दो प्रकार की एग्रो क्लाइमेटिक परिस्थितियों की माइक्रोस्कोपिक स्टडी पूरी कर ली गई है और अब यहां कृषि एवं बागवानी से संबंधित अनुसंधान केंद्र स्थापित करने की योजना है।

अपने संबोधन में उन्होंने क्षेत्र के लाल चावल, मक्की जैसे पारंपरिक जैविक उत्पादों से जुड़े किसानों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शीघ्र ही भटियात क्षेत्र का दौरा करेंगे और विभागीय मंडल स्तरीय कार्यालय खोलने की घोषणाएं करेंगे।इस अवसर पर कृषि, उद्यान और अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा उपस्थित किसानों को योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया।इस मौके पर एसडीएम पारस अग्रवाल, कृषि उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केहर सिंह ठाकुर सहित कई विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान-बागवान मौजूद रहे।विधानसभा अध्यक्ष का कार्यक्रम में गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें शॉल-टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
