60 वर्षीय राहगीर बुजुर्ग की अचानक चक्कर खाकर गिरने से मौत

डलहौजी/चंबा, 08 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी )
बीते कल बनीखेत के हरक सिंह मोड के नजदीक एक 60 वर्षीय राहगीर बुजुर्ग के चक्कर खाकर गिरने से मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान चूडू राम पुत्र रौनकी राम, निवासी गांव डाडरा, डाकघर बाथरी, तहसील डलहौजी, जिला चंबा के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, चूडू राम बैंक से संबंधित किसी कार्य के लिए बनीखेत अपनी पत्नी व बेटे के साथ पहुंचे थे। काम पूरा करने के उपरांत जब वह गाड़ी लेने के लिए बस अड्डा की और आ रहे थे कि अचानक उन्होंने अपनी पत्नी को बताया कि उनका सिर चकरा रहा है। और उन्हें और उन्हें चलने में दिक्कत हो रही है। इसी दौरान वे बेहोश होकर ज़मीन पर गिर पड़े। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया। एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें समुदाय स्वास्थ्य केंद्र बाथरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन ने इस घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर औपचारिक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। चूंकि यह घटना शाम के समय हुई, इसलिए शव का पोस्टमार्टम अगली सुबह किया जाएगा, जिसके उपरांत शव को आज परिजनों को सौंपा जाएगा।पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृत्यु का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।इस घटना की पुष्टि डलहौजी थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने की है।