
नशा तस्करी के अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़: छह गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति जब्त
नुरपूर/कांगड़ा 17 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नूरपुर पुलिस ने एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत एक अंतर्राष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। 27 अक्तूबर 2024 को एनएच-44 पर इंदौरा मोड़ के पास एक आरोपी से 262 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) की बरामदगी से शुरू हुई जांच अब एक संगठित नेटवर्क तक पहुँच गई है, जिसमें अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।इस केस की तफ्तीश के दौरान पता चला कि यह रैकेट दुबई से संचालित हो रहा था।

प्रमुख गिरफ्तारियों में कंवल जीत सिंह, राजेश कुमार, राज कुमार उर्फ सेठी, लखविंद्र कोहली, मोहीत उर्फ टोनी और गगन सरना शामिल हैं। इनके पास से 1.19 करोड़ रुपये की नकदी, 1 किलो 92 ग्राम सोना, 99 ग्राम चांदी, मोबाइल फोन, बीमा बांड, और दस्तावेज़ जब्त किए गए हैं। साथ ही AU Small Finance Bank, पठानकोट के खातों में जमा ₹52.52 लाख को भी फ्रीज़ किया गया है।एक अन्य आरोपी विशाल, जो पहले से एनडीपीएस मामले में वांछित है, उच्च न्यायालय से जमानत के बाद से फरार चल रहा है।

इसके परिवार की संलिप्तता भी जांच के दायरे में है। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़ी चल-अचल संपत्तियों को भी कब्जे में लिया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक है।नूरपुर पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। यह कार्रवाई ड्रग तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
