स्वच्छ भारत अभियान को पलीता: किहार बर्षाशालीका में पसरी गंदगी, पंचायत व प्रशासन बेखबर

सलूणी /चंबा 19 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
देशभर में स्वच्छता को लेकर चल रहे प्रचार-प्रसार और प्रयासों के बीच किहार पंचायत के अंतर्गत आने वाला बर्षाशालीका स्वच्छ भारत अभियान की असल तस्वीर को उजागर करता नजर आ रहा है। जहाँ यह अभियान 2 अक्टूबर 2014 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस पर शुरू हुआ था, वहीं इस पंचायत में स्थित यह बर्षाशालीका पूरी तरह से गंदगी और बदहाली की चपेट में है।यहाँ यात्रियों के बैठने की कोई उचित व्यवस्था नहीं है।

जगह-जगह कूड़े के ढेर, गंदा पानी और बदबू ने इस स्थान को नारकीय बना दिया है। स्थानीय लोग बताते हैं कि यह बर्षाशालीका ग्रामीणों के लिए गाड़ियों का इंतजार करने का एकमात्र स्थान है, लेकिन सफाई की व्यवस्था बिल्कुल नदारद है। कोई भी व्यक्ति यहाँ कुछ देर भी बिना नाक ढके नहीं बैठ सकता।ग्रामवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन को इस विषय में अवगत करवाया, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। न पंचायत सजग है, न प्रशासन।

ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वच्छ भारत अभियान केवल पोस्टरों और भाषणों तक ही सीमित रह गया है।स्थानीय लोगों की मांग है कि बर्षाशालीका की शीघ्र सफाई करवाई जाए और नियमित सफाई के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। ताकि पंचायत की छवि साफ-सुथरी और अनुकरणीय बने और बाहर से आने वाले लोगों को भी स्वच्छ भारत अभियान की सच्ची तस्वीर दिखाई दे सके।