योग मानव विकास ट्रस्ट ने बगढार पंचायत में आयोजित किया जागरूकता शिविर

डलहौजी/ चम्बा 19 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
ग्राम पंचायत बगढार में योग मानव विकास ट्रस्ट, बनीखेत के तत्वावधान में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों तथा धूम्रपान व शराब जैसी बुरी आदतों के खिलाफ जागरूक करना था। इस शिविर को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।कार्यक्रम में ट्रस्ट के ट्रस्टी कुलदीप सिंह, कार्यक्रम समन्वयक रणवीर सिंह और ग्राम पंचायत बगढार के प्रधान ब्यास देव विशेष रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने ग्रामीणों को मोबाइल के सीमित और रचनात्मक उपयोग पर जोर देने के साथ-साथ नशे की बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों और युवाओं के जीवन में मोबाइल का अत्यधिक उपयोग उनकी मानसिक और शारीरिक सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। ऐसे में अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों के मोबाइल उपयोग पर नजर रखें और उन्हें सकारात्मक दिशा में मार्गदर्शन दें।कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की ओर से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इसे एक सराहनीय एवं समयानुकूल पहल बताया।

ग्रामीणों का कहना था कि इस प्रकार के जागरूकता शिविरों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।योग मानव विकास ट्रस्ट ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने का आश्वासन दिया, ताकि समाज में व्याप्त नशा जैसी कुरीतियों को जड़ से खत्म किया जा सके।