आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने की अध्यक्षता

चंबा, 20 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
आकांक्षी जिला कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज बचत भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, सांसद हर्ष महाजन, विधायक नीरज नैय्यर, डॉ. हंसराज, डॉ. जनक राज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक में मंत्री नड्डा ने वर्ष 2018 से आरंभ आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जिले में हुई प्रगति की सराहना की और कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की रूपरेखा तय करने में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला प्रशासन को विशेष कार्य योजना बनाकर केंद्रीय मंत्रालय को भेजने के निर्देश दिए गए। जल संरक्षण को लेकर ग्रामीण विकास विभाग, वन विभाग और स्थानीय समुदाय की सामूहिक भागीदारी पर बल दिया गया।

बैठक में जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण कार्य, राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154ए तथा अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रजेंटेशन के माध्यम से कार्यक्रम के 49 मानक संकेतकों पर विस्तृत जानकारी दी।अंत में, मंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु आगामी दिशा-निर्देश जारी किए और सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने का आग्रह किया।
