हिमाचल प्रदेश के जनजातीय छात्रों के लिए डॉ. विजय मेमोरियल स्कूल में प्रवेश हेतु परीक्षा 4 मई को

चम्बा 22 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमालयन सेंटर फॉर ह्यूमन रिसोर्स डेवेलपमेंट, हमीरपुर के तत्वावधान में संचालित डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्मपुर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए जनजातीय क्षेत्रों के छात्रों के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा रविवार, 4 मई 2025 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएगी।यह परीक्षा विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिलों जैसे किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चम्बा और डोडरा-क्वार (शिमला) क्षेत्र के छात्रों के लिए है। वे छात्र जो कक्षा आठवीं उत्तीर्ण कर चुके हैं और जिनके परिवार की वार्षिक आय ₹3,50,000 से कम है, इस परीक्षा के लिए पात्र होंगे।

चयनित छात्रों को विद्यालय में निःशुल्क शिक्षा, छात्रावास, वर्दी, पुस्तकें और भोजन की सुविधा प्रदान की जाएगी।प्रवेश परीक्षा निम्नलिखित केंद्रों पर आयोजित होगी: सांगला, पूह (किन्नौर), काजा व उदयपुर (लाहौल-स्पीति), किलाड़, होली, भरमौर (चम्बा), बखर (डोडरा-बखर, शिमला)।परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को 10वीं आयु प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और 8वीं कक्षा का प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। चयनित छात्रों की सूची परीक्षा के दो सप्ताह बाद प्रकाशित की जाएगी।इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: ओम प्रकाश: 85447 54064, कुंज लाल ठाकुर: 82196 10716 , अतुल कंडा: 82190 76003 बता दें कि यह पहल जनजातीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।