चंबा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को मनाया जाएगा पंचायती राज दिवस, विशेष ग्राम सभा बैठकों के आयोजन के आदेश जारी

चंबा, 22 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा की सभी ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 5 के अंतर्गत विशेष ग्राम सभा बैठकों के आयोजन के निर्देश जारी किए हैं। इन बैठकों का आयोजन 24 अप्रैल को प्रातः 11 बजे जिला की समस्त ग्राम पंचायतों में किया जाएगा।उपायुक्त ने कहा कि पंचायती राज दिवस का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्वशासन को सशक्त बनाना, लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा ग्राम स्तर पर पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना है। विशेष ग्राम सभा बैठकों के दौरान पंचायतों द्वारा बीते वर्ष में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा, आगामी योजनाओं की जानकारी, सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।इसके अतिरिक्त, इस दिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक गतिविधियाँ और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी ताकि आमजन को शासन की नीतियों और योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी रूप से मिल सके।पंचायती राज दिवस ग्रामवासियों को स्थानीय प्रशासन से जुड़ने और अपनी भागीदारी से विकास प्रक्रिया को गति देने का अवसर प्रदान करता है। जिला प्रशासन ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है।