ढलोग-बनीखेत बाया पद्दर मार्ग की बदहाली बनी जनता के लिए परेशानी का सबब

डलहौजी/चम्बा 23 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
बनीखेत के साथ लगते खैरी पुल से होकर गुजरने वाला ढलोग बनीखेत मार्ग बाया पद्दर इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इस मार्ग की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि यहां से गुजरना पैदल राहगीरों से लेकर दुपहिया व चौपहिया वाहन चालकों के लिए जोखिम भरा बन गया है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, क्षतिग्रस्त डंगे और टूटी फूटी सड़क किसी भी बड़े हादसे को न्यौता दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत और स्थानीय प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से अवगत करवाया है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन की अनदेखी के कारण आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।यह मार्ग न केवल ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि फूड एंड सप्लाई कॉर्पोरेशन की भारी भरकम गाड़ियां भी इसी मार्ग से होकर गुजरती हैं और खैरी पुल के पास ही अनलोडिंग का कार्य होता है। ऐसे में मार्ग पर हर समय छोटी-बड़ी गाड़ियों की आवाजाही बनी रहती है।

क्षतिग्रस्त मार्ग के चलते कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना घट सकती है।क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर तुरंत ध्यान दे और मार्ग की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करवाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे की आशंका को रोका जा सके। यह न केवल आम लोगों की सुरक्षा का विषय है, बल्कि एक जिम्मेदार प्रशासनिक व्यवस्था की भी परीक्षा है।
