आतंकवादी हमले के विरोध में चंबा में कैंडल मार्च, विधायक नीरज नैय्यर और पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने की अगुवाई

आतंकवादी हमले के विरोध में चंबा में कैंडल मार्च, विधायक नीरज नैय्यर और पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने की अगुवाई

चंबा, 25 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकवादी हमले में निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या के विरोध में चंबा में एक शांतिपूर्ण कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इस मार्च का नेतृत्व विधायक नीरज नैय्यर और पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने किया। कैंडल मार्च उपायुक्त कार्यालय परिसर से आरंभ होकर मुख्य चौक, मेडिकल कॉलेज परिसर से होते हुए इरावती होटल के समीप तक पहुँचा।मार्च के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने कैंडल जलाकर आतंकवादी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा शत्रु है और इसकी जितनी निंदा की जाए, वह कम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे देश को एकजुट होकर आतंकवाद जैसी कायराना हरकतों का डटकर विरोध करना चाहिए। नीरज नैय्यर ने यह भी आश्वासन दिया कि इस दुखद घटना के संदर्भ में केंद्र सरकार द्वारा उठाए जाने वाले सभी आवश्यक कदमों का पूरा सहयोग और समर्थन किया जाएगा।

पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने भी नागरिकों से शांति बनाए रखने और आतंक के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी कमल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव धर्म सिंह पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर, महासचिव लियाकत अली खान सहित अन्य कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में चंबा के नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!