पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में क्षेत्रीय स्तर के क्रिकेट ट्रायल्स का भव्य शुभारंभ

डलहौजी/चंबा, 25 अप्रैल मुकेश कुमार ( गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनिखेत में केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय गुरुग्राम संभाग के लिए लड़कियों की संभागीय क्रिकेट टीम (आयु वर्ग-14 और 17) के ट्रायल्स का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरुग्राम संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य कृष्ण कुमार के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, उनके साथ आए अनुरक्षकों और प्रशिक्षकों का विद्यालय परिसर में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में श्री कृष्ण कुमार ने खेलों के जीवन में महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को खेल भावना के साथ सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।खेल प्रभारी डॉ. गीता नेहता तथा कोच अनमोल कुमार ने ट्रायल्स के दौरान छात्राओं की तकनीकी क्षमताओं का आकलन किया और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे के प्रशिक्षण के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान किया। ट्रायल्स में लड़कियों का खेल के प्रति अद्भुत समर्पण और जुनून देखने को मिला, जो भविष्य में क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जगाता है।प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था विद्यालय प्रशासन द्वारा की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ और आयोजक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर योग शिक्षिका श्रीमती अंजना तथा सुर्खी दृष्टि तावड़ा भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। ट्रायल्स ने न केवल खिलाड़ियों के खेल कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया, बल्कि छात्राओं में खेलों के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास भी बढ़ाया।