चंबा जिले के गांव चनेड़ में भारी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद, खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

चंबा जिले के गांव चनेड़ में भारी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद, खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

चंबा 27 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कांगड़ा को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेंद्र जसवाल को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जिला चंबा के गांव चनेड़ में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ कांगड़ा की टीम, जिसमें एएसआई विकास अरोड़ा, हेड कांस्टेबल दीपक, मनोज कुमार, हेमराज तथा कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल थे, मौके पर पहुंची।

टीम ने गांव के तीन खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम के पौधे उगाए जाने की पुष्टि की। खेतों के मालिक की पहचान मनोहर लाल के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि स्थानीय पटवारी ने भी की है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनोहर लाल के खिलाफ पुलिस थाना सदर में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एएसपी राजेंद्र जसवाल ने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि चंबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नशे की खेती की जा रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि जिले में नशे की मांग बढ़ रही है और लोग अवैध तरीके से इसकी आपूर्ति करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।एएसपी जसवाल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!