भटीयात में 65 वर्षीय वृद्ध की फिसलने से मौत, गांव में शोक की लहर

भटीयात/चुवाड़ी, 2 मई बबलू पठानिया
पंचायत जंदरोग (ददरियाडा) के अंतर्गत गांव चक्की में एक दुखद घटना सामने आई है। गांव के 65 वर्षीय दूनी चंद पुत्र दुमका की बुधवार रात को फिसलने से सिर में चोट लगने के कारण मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दूनी चंद बुधवार रात को जींद रोग से अपने गांव चक्की की ओर पैदल लौट रहे थे। यह दूरी लगभग 10 किलोमीटर है। रात के अंधेरे में रास्ते में पैर फिसल जाने से वह गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लग गई।सुबह जब राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें देखा, तो तुरंत पंचायत प्रधान सुरेंद्र को घटना की सूचना दी गई।

पंचायत प्रधान ने इस घटना की जानकारी पुलिस थाना चुवाड़ी को दी। सूचना मिलते ही चुवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।दूनी चंद एक बेहद गरीब परिवार से संबंध रखते थे। उनकी चार बेटियाँ हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनका एक बेटा पिछले चार से पांच वर्षों से लापता है, जिसकी अब तक कोई सूचना नहीं मिली है। वर्तमान में दूनी चंद अपनी पत्नी के साथ ही गांव में रहते थे।इस दुखद घटना की पुष्टि थाना प्रभारी (SHO) रमन चौधरी ने की है। गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर है। ग्रामीणों ने सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।यह घटना पहाड़ी क्षेत्रों में आने-जाने के खतरों और पर्याप्त रोशनी व सुरक्षा की जरूरत को एक बार फिर उजागर करती है।