उप-निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा बलबीर सिंह ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला अंगलोट को लिया गोद

डलहौजी/चम्बा 2 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उप-निदेशक प्रारंभिक शिक्षा जिला चंबा, बलबीर सिंह, जो अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और समर्पण के लिए पूरे जिले में शिक्षकों और अधिकारियों के बीच सम्मानित माने जाते हैं, ने शिक्षा खंड बनीखेत की राजकीय प्राथमिक पाठशाला अंगलोट का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और बच्चों के समग्र विकास हेतु महत्त्वपूर्ण सुझाव भी दिए।बलबीर सिंह ने विद्यालय में अधिकतर समय विद्यार्थियों के साथ कक्षा में बिताया तथा उनके साथ विभिन्न शैक्षिक और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया, जिन्हें बच्चों ने बड़े उत्साह से अपनाया। इन गतिविधियों से बच्चों में सीखने की रुचि और रचनात्मकता को प्रोत्साहन मिला।

दौरे के दौरान उप-निदेशक महोदय ने पाठशाला अंगलोट को गोद लेने की घोषणा करते हुए बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप 11सौअ की राशि भेंट की। उन्होंने विद्यालय में संचालित नवाचारों जैसे “ईमानदारी की दुकान”, “हर स्तंभ ज्ञान स्तंभ” और “आज सबसे सुंदर मैं” जैसी पहलों की सराहना की।विद्यालय के प्रभारी शाम अजनबी को उत्कृष्ट संचालन के लिए बधाई देते हुए उन्होंने स्कूल की टीम और प्रबंधन समिति की अध्यक्ष रचना देवी के योगदान की भी सराहना की।

बलबीर सिंह ने कहा कि शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए ऐसे प्रयास बेहद आवश्यक हैं और भविष्य में भी वे विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु सहयोग करते रहेंगे।विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने उप-निदेशक महोदय के इस कदम का स्वागत करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। सभी ने आशा जताई कि उनके संरक्षण में विद्यालय नए आयाम स्थापित करेगा।