ईमानदारी की मिसाल बने शिक्षक राजीव कुमार, लौटाया पर्यटक का महंगा मोबाइल फोन

डलहौजी/चम्बा 03 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
शिक्षा विभाग में कार्यरत अध्यापक राजीव कुमार ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए एक महंगा मोबाइल फोन उसके असली मालिक को लौटाकर समाज में सच्चाई और नैतिकता का परिचय दिया। यह घटना दो दिन पूर्व की है, जब गुजरात से डलहौजी घूमने आए पर्यटक तुन्नुहट्टी के पास एनएच-154 ए पर अपना मोबाइल फोन रास्ते में कहीं गिरा मिला। फोन बंद होने के कारण पर्यटकों ने काफी खोजबीन की लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी और उन्होंने फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी।उसी दौरान राजीव कुमार, जो कटोरी बंगाल स्कूल में अध्यापक हैं, अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें सड़क किनारे गिरा हुआ मोबाइल फोन दिखाई दिया। उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के फोन उठाया और ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे तुन्नुहट्टी चेक पोस्ट पर जमा करवा दिया।स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल के मालिकों को खोज निकाला और संपर्क कर जानकारी दी कि उनका फोन सुरक्षित है। पर्यटक जब फोन लेने पहुंचे तो राजीव कुमार और पुलिस अधिकारियों ने मिलकर उन्हें फोन सौंपा। इस ईमानदारी भरे कदम पर पर्यटकों ने गहरी संतुष्टि जताते हुए राजीव कुमार और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।पर्यटकों ने कहा कि ऐसी ईमानदारी हिमाचल जैसे राज्यों में ही देखने को मिलती है। स्थानीय लोगों ने भी राजीव कुमार के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की और उन्हें बच्चों के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया। वहीं पुलिस विभाग को भी इस सहयोग और ईमानदारी के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं।ईमानदारी सच में सबसे श्रेष्ठ नीति है।