गंढियार के निकट छाणानाला के साथ गहरी खाईं में गिरने से 24 वर्षीय युवक की दुखद मौ#त, एक गंभीर रूप से घायल

डलहौजी/ चम्बा 05 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च राजमार्ग पर गंढियार के समीप एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब दोनों युवक सड़क किनारे खड़े थे और संतुलन बिगड़ने से खाई में गिर गए। मृतक की पहचान 24 वर्षीय शौर्य भारद्वाज पुत्र पवन भारद्वाज, निवासी गांव खलंदर, डाकघर बाथरी, जिला चम्बा के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक शुभम कुमार पुत्र अमरनाथ, निवासी गांव खलंदर, को टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपने गांव में एक विवाह समारोह के लिए लकड़ी काटने(छोई) के बाद चौहड़ा डैम व्यू प्वाइंट की ओर घूमने गए थे। वहीं सड़क किनारे लघुशंका के दौरान शौर्य का पांव फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। शुभम ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी अपना संतुलन खो बैठा और खाई में गिरकर घायल हो गया।
जब दोनों युवक देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की और बनीखेत पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान शौर्य को अचेत अवस्था में और शुभम को घायल अवस्था में पाया गया। दोनों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए डलहौजी नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से शुभम को टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया।
पुलिस ने घटना की जानकारी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शौर्य के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है।