जिला मुख्यालय चंबा में व्यवसायिक वाहनों में डस्टबिन रखने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

चंबा, 6 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा में व्यवसायिक वाहनों में डस्टबिन रखने के उद्देश्य से एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में परिवहन विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।बैठक में उपायुक्त ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सभी व्यवसायिक वाहनों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से लगाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगी, बल्कि यात्रियों को एक साफ-सुथरा सफर अनुभव भी प्रदान करेगी।

एचआरटीसी के जिला प्रबंधक शुगल सिंह ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार चंबा जिले में एचआरटीसी की 70 बसों में डस्टबिन स्थापित कर दिए गए हैं, जबकि शेष बसों में आगामी एक सप्ताह के भीतर डस्टबिन लगाए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि एचआरटीसी बस अड्डा चंबा में सूखा और गीला कचरा डालने हेतु दो बड़े डस्टबिन लगाए जा रहे हैं, जिन्हें नगरपालिका द्वारा नियमित रूप से खाली किया जाएगा।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय चंबा के अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि जिला के सभी निजी परिवहन संगठनों को लिखित रूप से निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे अपने व्यवसायिक वाहनों में डस्टबिन लगाएं।बैठक में रूचि महाजन, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद चंबा, संजीव कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे। यह पहल स्वच्छता अभियान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।