चुराह की ग्राम पंचायत देहरा में तेंदुए का हमला, 10 भेड़ बकरियों की मौत, मुआवजे की मांग

तीसा/चुराह 09 मई दिलीप सिंह ठाकुर
विकासखंड चुराह की ग्राम पंचायत देहरा के समीप जंगल क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई जब एक जंगली तेंदुए ने भेड़पालकों के झुंड पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, भेड़पालकों ने जंगल के पास डेरा डाला था। जैसे ही रात का अंधेरा हुआ, वे अपनी भेड़ों को एकत्र कर रात के खाने की तैयारी में जुट गए। इसी दौरान अचानक तेंदुआ झुंड पर टूट पड़ा और अफरा-तफरी के बीच 10 बकरियों को मार डाला।हमले के दौरान भेड़पालकों ने टॉर्च की रोशनी और शोर के माध्यम से तेंदुए को डराने की कोशिश की, जिससे वह जंगल की ओर भाग गया।

घटना से भयभीत भेड़पालकों ने तुरंत वन विभाग, स्थानीय प्रशासन तथा ग्राम पंचायत को सूचना दी।ग्राम पंचायत देहरा के प्रधान चैन लाल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित भेड़पालकों को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि उनके नुकसान की भरपाई हो सके। वहीं, मौके पर पहुंचे स्थानीय पटवारी धर्म सिंह ने नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है।

स्थानीय पशुपालन विभाग के डॉक्टरों की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मृत बकरियों का निरीक्षण किया और मेडिकल रिपोर्ट तैयार की। साथ ही वन विभाग के वनरक्षक उमेश भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति का मूल्यांकन किया।यह घटना न केवल भेड़पालकों के लिए एक बड़ा आर्थिक झटका है, बल्कि यह क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को भी उजागर करती है। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि जल्द से जल्द मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कर पीड़ितों को राहत प्रदान की जाएगी।
