मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भरमौर दौरे पर जल्द आ सकते हैं, आधिकारिक घोषणा शेष

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भरमौर दौरे पर जल्द आ सकते हैं, आधिकारिक घोषणा शेष

भरमौर/चम्बा, 11 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही जनजातीय क्षेत्र भरमौर का दौरा कर सकते हैं। हालांकि इस दौरे की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री इसी माह के भीतर भरमौर आ सकते हैं। माना जा रहा है कि उनका रात्रि ठहराव भरमौर के होली क्षेत्र में हो सकता है।मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, क्योंकि इस अवसर पर भरमौरवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलने की संभावना है। खास तौर पर होली-उतराला सड़क परियोजना, जिसे लेकर क्षेत्रवासी लंबे समय से मांग कर रहे हैं, उस पर काम को युद्ध स्तर पर शुरू करने की घोषणा मुख्यमंत्री कर सकते हैं।इस संबंध में जानकारी देते हुए राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ब्रह्मानंद ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें शीघ्र भरमौर आने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को प्राथमिकता पर स्वीकारते हुए भरमौर दौरे को जल्द से जल्द सुनिश्चित करने का वादा किया है।ब्रह्मानंद ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के इस दौरे से न केवल क्षेत्र की जनता को राहत मिलेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने और स्थानीय विकास कार्यों को गति देने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।इस दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं और लोगों को उम्मीद है कि यह दौरा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!