विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आपदा प्रभावित भेड़पालकों को वितरित की राहत राशि

भटीयात / चुवाड़ी 12 मई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रायपुर के अंतर्गत चेली गाँव का दौरा किया। उन्होंने हाल ही में बादल फटने की घटना से प्रभावित भेड़पालक परिवारों से मुलाकात कर राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने 10 प्रभावित परिवारों को राहत राशि के चेक वितरित किए और मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए उनका ढांढस बंधाया।पठानिया ने मौके पर मौजूद रहकर स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं और कई मुद्दों का समाधान तत्काल किया।

उन्होंने अधिशासी अभियंता जल शक्ति को निर्देश दिए कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई पेयजल योजना के मुख्य स्रोत का शीघ्र पुनर्निर्माण किया जाए। इसके अलावा, चेली गाँव के संपर्क मार्ग व गलियों को पक्का करने हेतु आवश्यक निर्देश स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को दिए गए।विधानसभा अध्यक्ष ने गगाहर गाँव में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित गगाहर-दरमाड़ी संपर्क मार्ग के उन्नयन कार्यों की समीक्षा भी की।

उन्होंने इसे लोक निर्माण विभाग के तहत लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए ताकि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।इस अवसर पर राज्य वन निगम निदेशक मंडल सदस्य चेला कृष्ण चंद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, एसडीएम पारस अग्रवाल, पुलिस उप अधीक्षक योगेश कुमार, जल शक्ति, विद्युत व लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।