तेज आंधी-तूफान से डलहौजी-बलेरा मुख्य मार्ग अवरुद्ध, लोक निर्माण विभाग ने तत्परता से बहाल किया यातायात

तेज आंधी-तूफान से डलहौजी-बलेरा मुख्य मार्ग अवरुद्ध, लोक निर्माण विभाग ने तत्परता से बहाल किया यातायात

डलहौजी /चंबा 19 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

बीती रात क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। डलहौजी-बलेरा मुख्य मार्ग पर एक विशाल देवदार का पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे डलहौजी से बलेरा तथा बलेरा से डलहौजी आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पेड़ गिरने से न केवल आवागमन ठप रहा, बल्कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें भी लग गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय आए तेज तूफान के दौरान कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली के खंभे हिलने की घटनाएं देखने को मिलीं। हालांकि सबसे अधिक असर डलहौजी-बलेरा मार्ग पर पड़ा, जहां गिरे हुए पेड़ ने सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देवदार के पेड़ की मोटी शाखाओं को काटकर मार्ग से हटाया और कुछ ही घंटों में यातायात को सुचारु कर दिया गया।

गौरतलब है कि बीती रात आए आंधी-तूफान से क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी छुटपुट नुकसान की खबरें सामने आई हैं। कुछ जगहों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और आपात स्थिति में संबंधित विभागों को तुरंत सूचित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!